श्रद्धा सुमन अर्पित कर कांग्रेसियों ने किया गांधी को नमन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 73वें शहीद दिवस पर आज गांधी भवन पर शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शहीद दिवस के मौके पर कांग्रेसियों ने गांधी भवन स्थित गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रृद्धा सुमन अर्पित किए। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विजय जैन ने महात्मा गांधी के विचारों का अनुसरण करते हुए कहा कि गांधी ने कहा था कि एक व्यक्ति को परिवार की भलाई के लिए, एक परिवार को समाज की भलाई के लिए, एक समाज को नगर की भलाई के लिए, एक नगर को राज्य की भलाई के लिए और एक राज्य को देश की भलाई के लिए उत्सर्ग हो जाना चाहिए। जैन ने कहा कि गांधीजी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों विचारों का अनुसरण करते हुए आमजन और देश की सेवा में समर्पित भाव के साथ कार्य करें।  कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विजय जैन के साथ कांग्रेस के पदाधिकारियों आैर कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। जैन ने कहा कि देश और दुनिया में कई बड़े बदलाव हुए जो कि सार्थक भी हैं और निरर्थक भी, लेकिन यदि कुछ नहीं बदला तो वह है सत्य। गांधी के सत्य विचारों की आज विश्व शांति की स्थापना के लिए आवश्यकता है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ललित भाटी ने कहा कि अप्रासंगिकता के इस दौर में पल-पल बदलने वाली दुनिया में अगर वाकई कुछ प्रासंगिक है तो वह सिर्फ महात्मा गांधी के विचार हैं, हमें उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खुद महात्मा गांधी अपने जीवन काल में सत्य और अहिंसा के लिए संघर्ष करते रहे और उन्होंने अपना पूरा जीवन परोपकार के रास्ते पर चलते हुए देश को समर्पित कर दिया। जिस आजादी की लड़ाई की नींव उन्होंने रखी उसको उन्होंने भारत में सींचा और आंखों के सामने फलीभूत भी किया इसी का परिणाम है कि आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। पूर्व मंत्री ललित भाटी ने कहा कि महात्मा गांधी का अजमेर से काफी जुड़ाव रहा है वे अपने जीवन काल में तीन बार अजमेर आए। इस मौके पर उन्होंने भाजपा की नीतियों पर कुठाराघात करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सद्बुद्धि दे कि वे देश को बांटने का काम ना करें।