सात समंदर पार से आई विदेशी महिलाओं ने की पवित्र सरोवर की साफ-सफाई

तीर्थनगरी पुष्कर में पवित्र सरोवर की दुर्दशा देखकर सात समंदर पार रूस से आई विदेशी महिलाओं को सरोवर में गन्दगी देखकर आस्था को काफी ठेस पहुंची और उन्होंने शुक्रवार को भीषण गर्मी के अंदर लगातार 4-5 घंटे तक पवित्र सरोवर के पानी में उतर कर पानी के अंदर फैल रही गंदगी को साफ किया।
इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई लेकिन कोई भी सरोवर में फैली रही गंदगी को साफ करने नहीं उतरा और सिर्फ विदेशी महिलाओं को साफ-सफाई करते देखते रहे।
विदेशी महिलाओं ने बताया कि वह पुष्कर घूमने आई। इस दौरान सरोवर की परिक्रमा करते वक्त पानी के अंदर गंदगी देखकर काफी दुख हुआ।
उन्होंने कहा कि पुष्कर के बारे में काफी अच्छा सुना कि यह पवित्र और आस्था का केंद्र है। लेकिन पानी के अंदर और सरोवर के आसपास की गंदगी को देखकर काफी दुख हुआ। उन्होंने वराह घाट से बद्री घाट तक सरोवर के पानी में फैल रखी गंदगी को अपने हाथों से साफ किया और सारी गंदगी को थैले में डालकर कचरा पात्र में डाला।
उन्होंने कहा कि पवित्र सरोवर आस्था का केंद्र है और प्रतिदिन हजारों तीर्थयात्री पवित्र सरोवर में स्नान करने आते हैं। इसकी साफ-सफाई रखना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय लोगों को भी कहा कि प्रशासन नगर पालिका के अलावा स्थानीय लोग भी पवित्र सरोवर की साफ-सफाई के प्रति ध्यान देवें।